कादियां, 2 जुलाई (सलाम तारी): पंजाब भर में चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत कादियां में भी कार्य तेजी से जारी है। मतदाता सूचियों को अधिक सटीक, अद्यतन और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से बूथ स्तर की टीमें घर-घर जाकर आवश्यक सत्यापन कार्य कर रही हैं तथा पात्र मतदाताओं का विवरण एकत्रित किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज नायब तहसीलदार रूपिंदर कौर ने विभिन्न बूथों का दौरा कर एसआईआर प्रक्रिया की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से बातचीत कर चल रहे कार्यों की समीक्षा की और निर्देश दिए कि पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे।
इस अवसर पर रूपिंदर कौर ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे निश्चिंत होकर एसआईआर प्रक्रिया में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें। उन्होंने कहा कि किसी को भी घबराने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि यह एक नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया है जिसका उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और विश्वसनीय बनाना है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी नागरिक को एसआईआर प्रक्रिया संबंधी कोई जानकारी चाहिए या किसी प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, तो वह संबंधित बूथ लेवल अधिकारी अथवा चुनावी स्टाफ से संपर्क कर सकता है। प्रशासन की ओर से लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है तथा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रक्रिया के दौरान किसी को भी अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
नायब तहसीलदार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं, लोगों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें तथा उनकी शंकाओं का उचित समाधान करें। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से ही यह अभियान सफल हो सकता है और प्रत्येक पात्र मतदाता का दायित्व है कि वह अपने विवरणों का सत्यापन कराकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में योगदान दे।
इस अवसर पर अमन भी उनके साथ मौजूद रहे।